चंदौली। बुलंदशहर जनपद के शिक्षक की आत्महत्या का दोष वहां के डीआईओएस कार्यालय के बाबुओं पर मढ़ते हुए माध्यमिक शिक्षकों ने आगामी बोर्ड परीक्षा में किसी भी तरह का सहयोग नहीं करने का ऐलान किया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने शुक्रवार को स्थानीय कैंप कार्यालय पर बैठक कर रणनीति तैयार की और जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपने निर्णय से अवगत कराया।
शिक्षकों ने कहा कि बुलंदशहर के माध्यमिक शिक्षक ने विगत दिनों आत्महत्या कर ली। वह डीआईओएस कार्यालय के बाबुओं और अधिकारियों से परेशान थे। वेतन नहीं मिलने से उनके समक्ष आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई थी। और कार्यालय के बाबू सुविधा शुल्क लेने के बाद भी उनका काम नहीं कर रहे थे। कहा कि इस घटना से शिक्षकों में काफी गुस्सा है। फैजाबाद में राज्य स्तरीय सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया कि शिक्षक की आत्महत्या के विरोध में प्रदेश भर के माध्यमिक शिक्षक यूपी बोर्ड की परीक्षा में विभाग का सहयोग नहीं करेंगे। जनपद के शिक्षक भी इस निर्णय का समर्थन करते हुए परीक्षा कार्य से विरत रहेंगे। अंत में शिक्षक डीआईओएस कार्यालय पहुंचे और पत्रक के माध्यम से अपना निर्णय शिक्षा अधिकारी तक पहुंचाया। इस अवसर पर बृजेश सिंह, सत्यमूर्ति ओझा, अनिल कुमार, सर्वेंद्र सिंह, कृष्णशंकर, शशिकांत त्रिपाठी आदि रहे।