चंदौली। जनपद के प्रभारी मंत्री जय प्रकाश निषाद ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग बैठक कर विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान योजनाओं को समय से पूर्ण करने का उन्होंने निर्देश दिया वहीं खराब प्रगति पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई। सीएमओ और विद्युत विभाग के अधिकारी मंत्री के निशाने पर रहे। स्वास्थ्य केंद्रों और संयुक्त चिकित्सालय चकिया की खराब स्थिति और चिकित्सकों के समय पर अस्पतालों में नहीं पहुंचने की शिकायत पर सीएमओ को फटकार लगाई। वहीं विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के बैठक में उपस्थित नहीं रहने पर स्पष्टीकरण मांगा।
राज्य मंत्री पशुधन, मत्स्य, नगर भूमि विभाग जय प्रकाश निषाद ने निर्देश दिया कि ब्लाकवार रोस्टर बनाकर सरकारी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण कराएं। इसमें अनुपस्थित मिलने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग द्वारा पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए हिदायत दी कि अगली बैठक में पूरी तैयारी से आएं। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिया । समाज कल्याण और दिव्यांग जनकल्याण अधिकारी को ब्लाकवार कैंप लगाकर छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का चयन कर योजना से लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ओडीएफ गांवों में जाकर बन रहे शौचालयों की गुणवत्ता की परखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी हेमंत कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को दिलाना सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि समाज कल्याण विभाग एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग द्वारा ब्लाकवार प्रत्येक शनिवार को कैंप लगवाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एसपी संतोष कुमार सिंह, सीडीओ डा. अभय श्रीवास्तव, एडीएम बच्चालाल, आरके सिंह, गोपाल ओझा, पद्मकान्त शुक्ल, ऋषिमुनि उपाध्याय, रविंद्र सिंह, भोलेंद्र प्रताप सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।