टांडाकला। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर में रविवार की रात से गिरावट आनी शुरू हो गई। सोमवार को गंगा के जलस्तर में लगभग दो फीट की कमी आंकी गई। इससे तटवर्ती इलाके के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
जिले में पिछले आठ दिनों से गंगा नदी में लगातार बढ़ोत्तरी होने के बाद अब गंगा के जलस्तर में कमी आने से लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश जारी रहने से खतरा पूरी तरह टला नहीं है। नदी में पानी घटने के बावजूद तटवर्ती क्षेत्रों में कटान जारी है। साथ ही गंगा के तट पर बसे तिरगांवा, टांडाकला, बलुआ, महुअरकलां आदि गांवों के पक्के घाटों पर मलबा और कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे स्नानार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके जिला प्रशासन की ओर से दवाओं का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। क्षेत्र के आनंद तिवारी, डॉ. शिवप्रकाश सिंह, उमेश पांडेय, जटायू मिश्र, आलोक पांडेय, राहुल मिश्र, संदीप यादव, लोकपति मिश्र, सुनील यादव, शौकत अली, शमसेर सिंह आदि ने जिलाधिकारी से तत्काल नदी के तटों पर सफाई करवाने व दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।