पीडीडीयू नगर। इंटेलिजेंस ब्यूरो इंडस्ट्रियल सेक्युरिटी इंस्पेक्शन की दो सदस्यीय टीम ने बुधवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। दिल्ली से आई टीम ने स्थानीय अधिकारियों के साथ प्लेटफार्मों रेलवे यार्ड, कालोनी और विभिन्न कार्यालयों की जांच की। इस दौरान सुरक्षा के एक-एक बिंदुओं को परखा। बाद में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में सुरक्षा अधिकारियों संग बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
दिल्ली से आए ज्वाइंट डायरेक्टर अशोक कुमार और सीके माझी की टीम दोपहर में दिल्ली से बाबतपुर हवाई अड्डे से स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, मुख्य गेट, एस्केलेटर को देखा। इसके बाद फुटओवर ब्रिज पर यार्ड की स्थिति देखी। इस दौरान मालगाड़ियों के आवागमन और खुले इलाके को देख कर सुरक्षा के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान कमांडेंट आशीष मिश्र और डीएन हेडक्वार्टर एसके राय ने निर्माण और सुरक्षा के बारे में पूरी तरह समझाया। टीम ने दो नंबर प्लेटफार्म पर बन रहे लिफ्ट को भी देखा। इसके बाद प्लेटफार्म संख्या सात और आठ पर जाने के लिए बने रास्ते से होते हुए छोटी पुलिया पर पहुंचे। यहां से सेंट्रल कॉलोनी की ओर नीचे उतरे। यहां एईएन आफिस के पास पहुंच कर यहां इस तरफ बनने वाले स्टेशन के दूसरे गेट अैर पार्किंग स्थल को देखा। इसके बाद आरआरआई ऑफिस पहुंच कर यहां ट्रेनों के परिचालन के बारे में जानकारी ली। आईओडब्लू आफिस के समीप से रेलवे यार्ड होते हुए प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंचे। यहां आरपीएफ पोस्ट पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था को देखा। इसी तरह सभी प्लेटफार्मों का निरीक्षण करने के बाद डीआरएम आफिस पहुंच कर जांच पड़ताल की। इस मौके पर सीओ रेलवे वाराणसी विमल किशोर श्रीवास्तव, स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला, आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएन मिश्र, जीआरपी पीडीडीय प्रभारी आरके सिंह, सीएसजी अशोक अनिल, स्टेशन प्रबंधक नरेंद्र कुमार, चमन, अश्वनी मिश्र आदि रहे।