चंदौली। ऑनलाइन फीडिंग में लेट-लतीफी से जनपद में 9918 गरीब राशन वितरण योजना के लाभ से वंचित हैं। अनाज नहीं मिलने से गरीबों को परेशानी हो रही है। जिला पूर्ति विभाग का दावा है कि फीडिंग का कार्य जारी है इसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा और फरवरी माह से पात्र गृहस्थी योजना में शामिल सभी नये लाभार्थियों को भी राशन मिलना शुरू भी हो जाएगा।
जिले में कुल 52 हजार 495 अंत्योदय और दो लाख 47 हजार 302 पात्र गृहस्थी योजना के कार्डधारक हैं, जिन्हें खाद्यान्न वितरण योजना का लाभ दिया जाता है। अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किग्रा और पात्र गृहस्थी के लाभार्थियों को पांच किग्रा प्रति यूनिट की दर से राशन दिया जाता है। शासन स्तर से राशन कार्ड के बाबत दिशा-निर्देश जारी नहीं होने से फिलहाल ड्राफ्ट कार्ड के जरिए पात्र लोगों को राशन देने की व्यवस्था की गई है। जिला पूर्ति विभाग और जिलाधिकारी स्तर से कराए गए सत्यापन में 21560 अपात्र पाए गए थे। सभी को योजना से बाहर कर दिया गया। वहीं विभाग ने लगभग 38 हजार 600नये लोगों को पात्र गृहस्थी योजना की सूची में शामिल किया है। लेकिन विभाग की ओर से 28 हजार 682 लाभार्थियों की ही आन लाइन फीडिंग की जा सकी है। वहीं फीडिंग नहीं होने से शेष बचे गरीबों को खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस बाबत जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह का कहना है कि कर्मचारियों की कमी से फीडिंग में कुछ देरी हो रही है। लेकिन फीडिंग का कार्य निरंतर जारी है। फरवरी माह से सभी पात्र लोगों को राशन का वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा।