पीडीडीयू नगर। पटना-गया रेलखंड पर पुनपुन और परसा बाजार स्टेशन के बीच रेलवे पुल संख्या-21 के समीप जलस्तर बढ़ने से रेल यातायात बाधित है। इसके चलते मंगलवार को भी पटना और गया के बीच चलने वाली 10 मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 10 ट्रेनें मार्ग बदलकर चलाई जाएंगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि मुख्यालय से जारी परिचालन आदेश के अनुसार गया-पटना और पटना-गया के बीच चलने वाली 10 मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है। यह आदेश आठ सितंबर को भी लागू रहेगा।
वहीं, रांची-वाराणसी एक्सप्रेस और वाराणसी-रांची एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग के बजाय पीडीडीयू, बक्सर, आरा और पटना होकर चलेंगी। पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस और धनबाद-पटना एक्सप्रेस भी मार्ग बदलकर चलाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पुल के समीप जलस्तर बढ़ने के कारण ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग परिवर्तन से यात्रियों को परेशानी हो सकती है।