कोतवाली क्षेत्र के चतुर्भुजपुर कस्बे में सोमवार सुबह करीब आठ बजे छत की सीढ़ी से गिरकर 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बलुआ घाट पर किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया।
चतुर्भुजपुर कस्बा निवासी पान विक्रेता विजय चौरसिया के दो पुत्र उत्तम चौरसिया और नंदन चौरसिया तथा एक पुत्री शिवानी चौरसिया हैं। सोमवार सुबह 14 वर्षीय उत्तम स्नान करने के बाद सीढ़ी से चढ़कर कमरे में जा रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह सीढ़ियों से लड़खड़ाते हुए नीचे गिर गया। परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उत्तम की मौत से पिता विजय चौरसिया, मां सुनीता देवी और भाई-बहनों का रोते-रोते बुरा हाल है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजनों ने किसी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया है। संवाद