शुक्रवार को यूपी में जैथरा थाना क्षेत्र के अलीगंज रोड स्थित परौली गांव पर हुई पुलिस एवं स्टेटिक टीम की संयुक्त चेकिंग में प्रदेश सरकार के होमगार्ड मंत्री नरेंद्र सिंह यादव का सरकारी गनर समेत चार लोग पकड़े गए।
आरोप है कि बिना अनुमति के फर्रुखाबाद संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे मंत्री के पुत्र सचिन यादव गाड़ियों के काफिले के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर जैथरा एसओ ने सचिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार मध्याह्न लगभग 12 बजे पुलिस को अलीगंज की ओर दर्जन भर चुनावी वाहनों के आने की सूचना मिली। थाना प्रभारी एवं स्टेटिक टीम अलीगंज रोड पर पहुंची। जैसे ही वे गांव परौली पहुंचे, तभी अलीगंज की ओर से सफारी समेत कई गाड़ी आती दिखाई दीं। पुलिस टीम ने उन्हें रुकवाकर कारों की तलाशी ली तो इसमें तीन असलाहधारी युवक मिले। एक ने अपने को प्रदेश सरकार के होमगार्ड मंत्री नरेंद्र सिंह यादव का सरकारी गनर विजय कुमार बताया, जिसके पास से कारबाइन, 18 कारतूस के अलावा वायरलैस सेट एवं वाकी-टॉकी मिला।
गनर ने बताया कि वह मंत्री के कहने पर वह उनके पुत्र व फर्रुखाबाद लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे सचिन यादव के साथ आया है। वहीं एक अन्य प्रताप नारायन निवासी मझिया कानपुर देहात व धर्मवीर निवासी बिधूना के पास से एक-एक लाइसेंसी रिवाल्वर एवं पांच-पांच कारतूस बरामद किए गए। दोनों ने स्वयं को निर्दलीय लोकसभा प्रत्याशी सचिन यादव का निजी अंगरक्षक बताया। हिरासत में लिए गए लोगों में मेरापुर थाना क्षेत्र निवासी चालक रक्षपाल सिंह भी शामिल है। एक चालक भाग गया।
जानकारी पर अलीगंज के उपजिलाधिकारी अंबरीश श्रीवास्वत व क्षेत्राधिकारी शमशेर सिंह के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव भी जैथरा थाने पहुंच गए। पुलिस ने दोनों कारों को सीज करते हुए सरकारी अंगरक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है। वहीं प्रत्याशी सचिन सहित तीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कार्रवाई विरोधियों की साजिश: सचिन
निर्दलीय प्रत्याशी सचिन यादव का कहना है कि वे तीन गाड़ियों के साथ चुनाव प्रचार के लिए क्षेत्र में थे। उनके साथ दो निजी अंगरक्षक थे। ये कार्रवाई विरोधियों की साजिश है। वे चुनाव एवं शनिवार को होने वाले नामांकन से रोकना चाहते हैं। लोकप्रियता से हताश होकर उनका मनोबल गिराने का षड्यंत्र रच रहे हैं, लेकिन वे झुकने वाले नहीं हैं।