कपड़ों, बाजारों और दीवारों पर दिखने वाला लोकसभा चुनावों का असर अब ऑन लाइन शॉपिंग बाजार पर भी दिखने लगा है। बाजार में 25 से 50 रुपए में मिलने वाला साधारण झाड़ू ऑन लाइन शॉपिंग पर 81 प्रतिशत छूट के साथ 19 रुपये में मिल रहा है। इस झाडू़ को नाम दिया गया है आम आदमी पार्टी झाडू। झाडू के साथ-साथ घड़ी, वॉलपेपर, टोपी, मोबाइल कवर भी बिक रहा है।
कई शॉपिंग वेबसाइट ने तो दलों के नेताओं के नाम से शॉपिंग कटेगरी ही बना दी है। इनमें उनसे जुड़ी दर्जनों सामग्रियां उपलब्ध हैं। नेताओं की फोटो से लेकर चुनाव चिह्न आदि के साथ ही पार्टी के विज्ञापनों के लिए शॉपिंग साइट्स ऑफर दे रही हैं।
नरेंद्र मोदी के मंत्र
स्नैपडील. कॉम वेबसाइट ने तो नमो के नाम से अलग कटेगरी ही बना दी है, इसमें नरेंद्र मोदी के कई पोस्टर से लेकर उनके नाम के मंत्र, माला तक बेची जा रही है। खास बात यह है इनकी सामग्रियों में क्रिएटिविटी भी खूब है।
दो माह पहले तक साधारण झाड़ू ऑन लाइन शॉपिंग वेबसाइट पर नहीं मिलती थी, लेकिन आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता ने इसे खास बना दिया है।
डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.ट्रेडस.कॉम आम आदमी पार्टी झाड़ू के साथ ही आम आदमी टोपी तक उपलब्ध करा रही है। इसमें भी कई प्रकार के डिस्काउंट दिए गए हैं।
राहुल के पोस्टर
ऐसे ही प्रिंट वीन्यू.कॉम ने पर्सनलाइज्ड इलेक्शन मर्चेन्टाइज्ड की अलग क टेगरी बनाई है। इसमें नेताओं के फोटो, नारे, चुनाव चिह्न, कार्टन आदि को पैड, फोन कवर, लैपटॉप, टी शर्ट, कॉफी मग आदि पर प्रिंट कराया जा सकता है।
इसके लिए भी कंपनी अलग अलग डिस्काउंट ऑफर दे रही है। वहीं ऐसे ही राहुल गांधी के नाम पर भी अलग-अलग रेट में पोस्टर, किताबें सहित कई कैटेगरी में बहुत बड़ी संख्या में समान बिक रहा है।