परिवहन निगम संविदा एवं नियमित कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के हड़ताली (कार्य बहिष्कार) कर्मचारी लखनऊ में बुधवार को हिंसा करने पर आमादा हो गए।
जमकर मचाया उत्पात
इसके तहत पांच बसों पर पथराव और तोडफ़ोड़ की गई। इस घटना में दो ड्राइवर समेत सात लोग जख्मी हो गए। एक ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है। परिवहन निगम ने तोडफ़ोड़ एवं हमले के आरोपी संविदा कर्मियों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।
लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी के हड़ताली संविदा कर्मियों (ड्राइवरों व कंडक्टरों) को बुधवार सुबह से नौकरी से निकालने की कार्रवाई शुरू हो गई है। कंपनी के प्रबंध निदेशक ने इन संविदा कर्मियों को बुधवार सुबह 9 बजे तक अपने-अपने डिपो में उपस्थित होकर बस संचालन करने का अल्टीमेटम दिया था।
लंबी दूरी का बस संचालन प्रभावित
बुध्ावार सुबह कोई हड़ताली संविदा कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आया। इसके कारण मंगलवार को पटरी से उतरी सिटी बस सेवा बुधवार को भी पटरी पर नहीं लौट सकी। दूसरी तरफ, प्रदेश के दर्जन भर जिलों में बुधवार से लंबी दूरी का बस संचालन प्रभावित हुआ।
गौरतलब है कि लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी के संविदा ड्राइवरों एवं कंडक्टरों के कार्य बहिष्कार पर जाने के कारण मंगलवार को 120 में से महज 30 बसों का ही संचालन हो पाया। इसके कारण शहर भर में 60 हजार लोग सिटी बस को तरस गए।