संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचागांव। क्षेत्र के कस्बा ऊंचागांव नहर पुल के समीप शनिवार सुबह पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी।
थाना नरसेना क्षेत्र के कस्बा ऊंचागांव माजरा मडैया खुर्द निवासी विनोद कुमार (38) का शव ऊंचागांव नहर पुल के समीप शनिवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटका मिला। वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने कस्बेवासियों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। जानकारी मिलने पर क्षेत्र के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को सूचना दी। फॉरेसिंक टीम घटना स्थल पर पहुंच जांच करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया कि युवक के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और विवाह भी नहीं हुआ था। फिलहाल युवक घर में अकेला रहता था।
पोस्टमॉर्टम नहीं कराने की गुहार लगाते रहे परिजन
पुलिस ने युवक के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारने के बाद शव का पंचनामा भर दिया। लेकिन, परिजन पोस्टमार्टम कराना नहीं चाहते थे। जबकि पुलिस पोस्टमार्टम के लिए दबाव बना रही थी। बाद में पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद मामला शांत हुआ और पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।