खुर्जा। पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय के बाहर पलवल निवासी लवकेश से जंक्शन निवासी सात-आठ लोगों ने मारपीट की। आरोप है कि पीड़ित की कार और उसमें रखी नकदी व सोने की चेन लूट कर ले गए। मामले में पुलिस टीम जांच कर रही है।
पलवल जनपद के गड़ौता गांव निवासी लवकेश ने बताया कि उसने कुछ दिनों पहले जंक्शन क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक से कार खरीदी थी। इसके रुपये भी पीड़ित ने दे दिए थे। इसके बावजूद कार मालिक दस्तावेज नहीं दे रहा था। पीड़ित ने फोन पर संपर्क किया तो आरोपी कार मालिक धमकी दे रहा था। इस संबंध में पीड़ित शनिवार को सीओ के पास शिकायत देने जा रहा था।
विज्ञापन
आरोप है कि सीओ कार्यालय के पास कार मालिक युवक अपने साथ सात-आठ लोगों लेकर आया और रास्ते में लवकेश को रोक लिया। उसके साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर कार लेकर चले गए। कार में पीड़ित लवकेश की 30 हजार रुपये नकदी और सोने की चेन भी थी। इसके बाद पीड़ित सीओ कार्यालय पहुंचा और शिकायत की।
सीओ खुर्जा वरुण कुमार सिंह का कहना है कि मामले में जानकारी है। इसमें कार को लेकर कुछ आपसी विवाद है। इसकी जानकारी ली जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।