सिकंदराबाद कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार को विवाहिता ने आबरू बचाने के लिए आत्महत्या कर ली थी। मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें विवाहिता अपनी आत्महत्या के लिए जेठ और जेठानी को दोषी ठहरा रही है। वह अल्लाह और दुनिया वालों से सजा की गुहार लगा रही है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई सरताज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उसने अपनी बहन गुड्डी की शादी 12 साल पहले सिकंदराबाद निवासी युवक से की थी। शुक्रवार को उसकी बहन ने जेठ और जेठानी के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। इसके पीछे जेठ, जिठानी और उसके बेटे को दोषी ठहराया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब विवाहिता द्वारा आत्महत्या से पहले बनाई गई वीडियो सामने आई है, जिसमें वह जेठ और जेठानी को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए अल्लाह और दुनिया वालों से सजा की गुहार लगा रही है।
वहीं, अब भाई का कहना है कि उसकी बहन का जेठ उस पर गंदी नजर रखता था। इस बात को लेकर कई बार विवाद हुआ, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया । जेठ , जेठानी और उसका बेटा बहन को परेशान करता था। उसे गलत काम में शामिल करना चाहते थे, जो उसकी बहन ने मंजूर नहीं किया। इसके बाद तीनों ने उसे शारीरिक और मानसिक यातनाएं देनी शुरू कर दी। उसकी बहन ने अपनी आबरू बचाने और ससुरालियों की प्रताड़नाओं से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। कोतवाल राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि आरोपी सुल्तान, आसमा और अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।