सर्व शिक्षा अभियान को कामयाब बनाने के लिए शासन ने एक और बदलाव किया है। शासन ने आदेश जारी किया है कि अब सभासद बच्चों को स्कूल पहुंचाने में मदद करेंगे।
सभासद अपने वार्ड के उन बच्चों की लिस्ट बनाकर बीएसए को देंगे, जो आर्थिक आभाव के चलते स्कूल नहीं जा पाते हैं। यह आदेश नगरीय क्षेत्र के लिए ही जारी हुआ है। शासन का बीएसए कार्यालय को आदेश प्राप्त हुआ है कि सर्व शिक्षा अभियान को सफल बनाने और शिक्षा से वंचित प्रत्येक बच्चे का स्कूल में एडमिशन करवाने के लिए सभासदों का सहयोग लिया जाए।
सभासद को अवगत करवाया जाए कि वह अपने क्षेत्र के उन बच्चों की लिस्ट बनाए, जो स्कूल नहीं जाते। सभासदों द्वारा बनाई गई लिस्ट बीएसए प्राप्त कर बच्चों को उनके घर के नजदीकी स्कूल में एडमिशन करवाएं।
शासन का सख्त आदेश है कि इस कार्य में हीलाहवाली ना बरती जाए। सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल चलो अभियान को भी गति प्रदान की जाए। बता दें कि, सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल ना जाने वाले बच्चों का एडमिशन करवाने को स्कूल चलो अभियान चलाने के आदेश जारी किए हुए हैं।
आदेश है कि 30 अप्रैल तक अभियान के तहत गांव में रैली और अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों को एडमिशन दिलवाया जाए। बीएसए वेदराम ने बताया कि शासन के आदेश पर तैयारी कर ली गई है और सभासदों को अवगत करवा दिया जाएगा।