राजकीय विद्यालयों में मिलेगी निशुल्क वाई-फाई सेवा
बुलंदशहर। जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षारत छात्र-छात्रओं के साथ शिक्षकों के लिए एक अच्छी खबर है। स्कूलों में जल्द ही निशुल्क वाई-फाई की सेवा शुरू होगी। यह कार्य राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (रमसा) के अंतर्गत होगा। मार्च तक सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके लिए शासन ने सभी राजकीय स्कूलों की रिपोर्ट डीआईओएस से मांगी है।
जनपद में 48 राजकीय विद्यालयों में कुल एक लाख 72 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। शासन की ओर से राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत राजकीय विद्यालयों की दशा को सुधारा जा रहा है। शासन द्वारा हाल ही में इनके सुंदरीकरण के लिए रिपोर्ट मांगी है और अब इसके लिए जल्द बजट जारी होने की उम्मीद है। वहीं, अब शासन द्वारा राजकीय स्कूलों को एक और सौगात दी जा रही है। रमसा के अंतर्गत सभी राजकीय विद्यालयों को वाई-फाई सेवा दी जाएगी और सभी को सीधे रमसा से जोड़ा जाएगा। अभी तक विद्यालयों में इंटरनेट न होने के कारण शिक्षकों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। अधिकांश कार्य साइबर कैफों से होते हैं। विद्यालयों में कंप्यूटर लगे हुए हैं तो इनमें वाई-फाई लगने के बाद यह विद्यालय पूरी तरह से हाईटेक हो जाएंगे। एक स्कूल पर करीब 60 हजार रुपये की राशि खर्च होगी इसका पूरा खर्चा रमसा करेगा। यह सुविधा इसलिए शुरू की जा रही है कि विद्यालयों में सभी छात्र-छात्राओं की ई-मेल आईडी होगी और शिक्षण संस्थान की भी वेबसाइट बनेगी। अब विद्यालय में वाई-फाई की सुविधा होने से छात्र ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगेे।
रमसा के अंतर्गत अब सभी राजकीय विद्यालयों में वाई-फाई की सुविधा होगी। शासन स्तर से इस पर कार्रवाई चल रही है। शासन से इसके लिए बजट जारी होगा। इसका लाभ छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी मिलेगा। - शिवकुमार ओझा, जिला विद्यालय निरीक्षक।