शिकारपुर। मूल रूप से जहांगीराबाद और हाल में कस्बे के एक मोहल्ला निवासी युवक ने धार्मिक पुस्तक जलाते हुए वीडियो यू ट्यूब पर अपलोड कर दी। वीडियो में युवक मुस्लिम धर्म के लिए तीन तलाक और हलाला को कुप्रथा बताते हुए धर्म परिवर्तन करने की बात कह रहा है। वीडियो जब लोगों तक पहुंची तो समाज के लोग एकत्रित होकर आरोपी के घर पहुंचे। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक मुस्लिम युवक अपने ही धर्म की एक धार्मिक पुस्तक को आग लगा रहा था। वीडियो बनाने के दौरान आरोपी ने कहा कि वह मुस्लिम समाज की कुप्रथाओं से परेशान हैं। तीन तलाक और हलाला जैसी कुप्रथा समाज को आगे नहीं बढ़ने दे रहीं हैं। उसने कहा कि बांग्लादेश या पाकिस्तान में जो महिलाओं के साथ हो रहा है, वह ठीक नहीं है। यदि स्थिति नहीं बदली तो हमारे देश में भी हालात काफी खराब हो जाएंगे। करीब आठ मिनट की वीडियो के अंत में आरोपी युवक धार्मिक पुस्तक का एक पेज लेकर आग लगाते हुए सिगरेट की तरह इस्तेमाल कर रहा है। इस दौरान आरोपी ने कहा कि वह अपना धर्म परिवर्तन करते हुए सनातन धर्म अपनाना चाहता है। वीडियो वायरल होने के बाद समाज के लोग बड़ी संख्या एकत्रित होकर आरोपी के घर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी आरोपी के घर पहुंची और मौके पर एकत्रित लोगों को समझाकर शांत किया। इसके बाद मोहल्ला गंज सादात निवासी शाहिद व अन्य लोगों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि आरोपी धर्म परिवर्तन करने के लिए कह रहा है, लेकिन अभी तक धर्म परिवर्तन नहीं किया है। प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।