संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा। क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण बाजारों में जाम की समस्या बढ़ रही है। बाजारों में आने वाले लोग सड़क किनारे वाहन खड़ा कर चले जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित रहता है। इससे व्यापारियों के कारोबार पर भी प्रभाव पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों से मांग की गई मगर कोई सुनवाई नहीं हो सकी।
खुर्जा के गांधी रोड, सुभाष रोड, कबाड़ी बाजार, ककराला और बिंदा वाला चौक समेत विभिन्न मार्गों पर हजारोंं दुकानें हैं, जहां पर पूरे दिन ग्राहकों का आवागमन रहता है। दुकानदार और दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी भी दुकान पर निजी वाहन से आते हैं, जिनको अपने वाहन दुकान के बाहर खड़े करने पड़ते हैं। ऐसे में दुकान में आने वाले ग्राहकों को वाहन खड़ा करने में दिक्कत होती है।
वाहन खड़ा करने के लिए स्थान नहीं मिलने के कारण ग्राहक लौट जाते हैं। इसका असर व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहा है। त्योहारी सीजन में समस्या ज्यादा होती है। यदि ऐसे में कोई ग्राहक वाहन खड़ा कर दुकान में जाता भी है तो मार्ग पर जाम लग जाता है। इससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है। जाम को देखकर भी कुछ लोग बिन खरीदारी किए लौट जाते हैं। सर्राफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष नवनीत बंसल ने बताया कि बिंदा वाला चौक और सर्राफा बाजार में पूरे दिन ग्राहक आते रहते हैं। ऐसे में वाहन खड़ा करने का स्थान नहीं मिलता है। कोई दूसरा दुकानदार अपने प्रतिष्ठान के सामने वाहन खड़ा करने भी नहीं देता है। इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से मांग की गई है।
व्यापारी सुरक्षा फोरम के महामंत्री अविनाश तायल ने बताया कि शहर मेंं पार्किंग की मांग को लेकर नगर पालिका और पुलिस प्रशासन के सामने कई बार मांग रखी जा चुकी है। मगर, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसका प्रभाव व्यापारियोंं के कारोबार पर पड़ रहा है। प्रमुख चौराहों पर जाम लगने के बाद भी तैनात पुलिसकर्मी ध्यान नहीं देते हैं। व्यापारियों को जाम खुलवाना पड़ता है।
खुर्जा नगर पालिका अध्यक्ष अंजना भगवानदास सिंघल ने कहा कि नगर क्षेत्र में पार्किंग के लिए स्थान की तलाश की जा रही है, जहां पर लोग सुगमता से आ सकें। स्थान को चिन्हित कर इसको लेकर बोर्ड में प्रस्ताव रखा जाएगा। वहीं जाम की समस्या को देखते हुए अस्थाई डिवाइडर लगाए जा रहे हैं।
यहां ज्यादा लगता है जाम
- गांधी मार्ग बाजार
- कॉलेज रोड
- सुभाष मार्ग बाजार
- पुरानी सब्जी मंडी
- कबाड़ी बाजार
- बिंदा वाला चौक
- सर्राफा बाजार
- ककराला बाजार