बुलंदशहर। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बीच परीक्षा केंद्र बनाने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आपत्तियों का निस्तारण और केंद्रों की सूची बृहस्पतिवार को बन जाएगी। साथ ही इसे बोर्ड को भेज दिया जाएगा।
जिले से यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के इस बार 84,044 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। पिछले दिनों बोर्ड की ओर से जिले में परीक्षा केंद्र बनाने के लिए 115 शिक्षण संस्थानों की सूची जारी की थी। इस पर पहले आपत्तियां मांगी गई। इन सभी केंद्रों के सापेक्ष जिले से 160 से अधिक आपत्तियां प्राप्त हुई। विभाग की ओर से आपत्तियों का निस्तारण करने के लिए चार टीमों का गठन किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार के अनुसार बोर्ड की ओर से आपत्तियों का निस्तारण करने और पूर्व में जारी की गई सूची में शामिल स्कूलों को जोड़ने और हटाने का काम लगातार चल रहा है। यह कार्य बृहस्पतिवार तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि करीब 60 स्कूल सूची से बाहर हो सकते हैं। साथ ही इतने ही स्कूल नए शामिल होंगे, जिन्हें परीक्षा केंद्र बनाया जाना है। इसमें सभी उन स्कूलों को शामिल किया जाएगा, जो सभी भौतिक सुविधाओं से लैस हैं।