अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ करते अतिथि। स्रोत : आयोजक
बुलंदशहर। डीएम रोड स्थित खालसा क्रिकेट एकेडमी पर शनिवार से अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हो गया। टूर्नामेंट में जिलेभर की आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहला मैच खालौर क्रिकेट एकेडमी व फादर्स क्रिकेट एकेडमी सिकंदराबाद के बीच खेला गया। जिसे खालौर की टीम ने 125 रन से जीत लिया।
अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का खालसा मोंटेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह, प्रधानाचार्य संदीप कुमार सिंह, मनु रघुवंशी, हरप्रीत सिंह उर्फ हनी, कोच मुनेश गिरी व सुशील शर्मा ने किया। फादर्स क्रिकेट टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। खालौर की टीम 33 ओवर में 416 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जिसमें यश राज ने सर्वाधिक 121 रन, प्रिंस जाट ने 93 रन, विराट ने 47 रन, पार्थ चौधरी ने 42 रन, आश्विक चौहान ने 41 रन व हिमांशु ने 18 रनों का योगदान दिया।
फादर्स क्रिकेट के गेंदबाज चित्रांशु सैनी ने चार विकेट, दक्ष ने दो विकेट और दुर्गा, वंश व मितांश नागर ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फादर्स की टीम 291 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और खालौर की टीम ने पहला मैच 125 रन से जीतकर टूर्नामेंट में बढ़त बना ली। इसमें मितांश नागर ने 133, छितरांश ने 47 व दक्ष ने 26 रनों को योगदान दिया। खालौर के गेंदबाज फैजल, पार्थ, यश राज व दिवांश शर्मा ने दो-दो विकेट लिए।
बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच मुनेश गिरी ने बताया कि शहर में पहली बार अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। जो 40-40 ओवर का खेला जा रहा है। खालौर के यशराज को मैन ऑफ द मैच व फादर्स के मितांश नागर को फाइटर ऑफ दा मैच देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अंपायर की भूमिका शुभ तोमर व मोहित सागर ने निभाई। रविवार को युवाईडीएस हापुड़ व फादर्स क्रिकेट एकेडमी सिकंदराबाद के बीच मैच खेला जाएगा।