बुलंदशहर। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज के नए भवन की इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों को अब ऑपरेशन की भी सुविधा मिलने लगी है। शुरुआत में जनरल व आर्थो सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। अभी तक 30 मरीजों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। जल्द ही अन्य रोग के मरीजों के भी ऑपरेशन होने लगेंगे। जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय परिसर में चार ऑपरेशन थियेटर थे। इसमें एक पिछले कई वर्षों से सील और दूसरा (इमरजेंसी कक्ष) का संचालन निर्माण होने के बाद से बंद था। वहीं, तीसरे भवन को समय-समय पर अन्य कार्याें में लिया जा रहा था। ऐसे में एक ही कक्ष में सभी मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा नहीं मिल पाती थी। हालांकि एक वर्ष पूर्व जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी कक्ष के ऑपरेशन कक्ष को दुरुस्त करवाने का प्रयास किया गया लेकिन प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती न होने के कारण यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी। अब चिकित्सालय परिसर में बने मेडिकल कॉलेज के नए भवन में यह सुविधा शुरू कर दी गई है। जिससे मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा मिल सके। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर इमरजेंसी में एक्सरे की पोर्टेबल मशीन लगाई गई है।
कोट
मेडिकल कॉलेज के नए भवन के ग्राउंड फ्लोर पर इमरजेंसी ऑपरेशन कक्ष का संचालन शुरू कर दिया है। इमरजेंसी व इमरजेंसी ऑपरेशन कक्ष के बाद ओपीडी की सेवाएं भी जल्द शुरू कर दी जाएगी। अभी तक इमरजेंसी ऑपरेशन कक्ष में 30 मरीजों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। - डॉ. संजय मिश्रा, कार्यवाहक प्राचार्य, कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज