संवाद न्यूज एजेंसी
स्याना। बुधवार की देर शाम नगर व क्षेत्र में स्थित अवैध होटलों पर प्रशासन का डंडा चला। एसडीएम प्रियंका गोयल और सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से टीम बनाकर होटलों की चेकिंग की। इस दौरान होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान एक होटल को सीज कर दिया गया।
अधिकारियों ने क्षेत्र में स्थित होटलों को चेक किया। इस दौरान बीबीनगर मार्ग स्थित एक होटल की जांच के दौरान होटल कर्मचारी कोई रजिस्ट्रेशन और अन्य औपचारिकताएं नहीं दिखा सका। जिसके बाद एसडीएम की मौजूदगी में उक्त होटल को सीज कराया गया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। एसडीएम प्रियंका गोयल ने बताया कि अरोमा होटल संचालक को दो माह पूर्व नोटिस जारी कर सराय एक्ट के तहत पंजीकरण कराने का आदेश दिया गया था लेकिन होटल संचालक द्वारा सराय एक्ट के तहत पंजीकरण नहीं कराया गया है जिससे होटल को अवैध मानते हुए सीज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।