हाईटेंशन लाइन से टकराया स्पेयर पार्ट से भरा ट्रक, लगी आग
चोला। थाने से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में स्पयेर पार्ट से भरा ट्रक अचानक सड़क किनारे हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इस दौरान ट्रक में आग लग गई। चालक और परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।
ग्राम नाथूसहाय साधन तहसील बिरावली जनपद आगरा निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि वह सितारगंज उत्तराखंड से स्पेयर पार्ट लेकर पलवल जा रहा था। मंगलवार रात करीब 4.45 बजे चोला थाने से के पास सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में उसने अपने ट्रक को सड़क से नीचे उतार दिया। सड़क किनारे से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के नीचे होने के कारण अचानक ट्रक हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। जिससे ट्रक में आग लग गई। उसने और चालक ने किसी तरह ट्रक से कूदकर जान बचाई। राहगीर की मदद से उसने दमकल और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक में लोड स्पेयर पार्ट पूरी तरह से जल गए। आग लगने के कारण ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया। आग से करीब 15 लाख रुपये की कीमत के स्पेयर पार्ट जल गए है। थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।