डिबाई। छतारी थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर में शुक्रवार रात सड़क हादसे में घायल युवक की सीएचसी दानपुर में मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा कर आरोप लगाया कि सीएचसी में उपचार मिलने में एक घंटे का समय लगा, जिससे युवक की जान चली गई। हालांकि, बाद में अधिकारियों के समझाने पर ग्रामीण और परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
अलीगढ़ के गांव पलाकसेर निवासी नीरज कुमार का छतारी थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर में ननिहाल है। नीरज अपने में ही रहते थे। शुक्रवार रात करीब आठ बजे नीरज घर से बाहर निकलकर पैदल ही कहीं जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकों टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, परिजन आनन-फानन में नीरज के दानपुर सीएचसी लेकर पहुंचे लेकिन, यहां नीरज को इलाज मिलने में करीब एक घंटे का समय लग गया, जिससे मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सीएचसी पर इलाज में लापरवाही बरती गई। हंगामे की सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। छतारी थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।