सूरज की तपिश के आगे बिजली आपूर्ति भी दम तोड़ने लगी है। बुधवार को भूड़ स्थित बिजलीघर पर 132 केवीए की ट्रांसमिशन लाइन फेल होने से नगर के करीब 40 हजार घरों की बिजली छह घंटे गुल रही। दोपहर करीब दो बजे के बाद लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति को सुचारू किया गया।
सुबह करीब नौ बजे भूड़ स्थित बिजली घर में 132 केवीए की ट्रांसमिशन लाइन फेल होने से 40 हजार घरों की बिजली गुल हो गई। अपूनशहर अड्डा स्थित बिजली घर को छोड़कर नगर क्षेत्र के बाकी सभी बिजली घरों की आपूर्ति ठप रही। चिलचिलाती धूप में बिजली गुल होने लोग पसीने-पसीने हो गए। आनन-फानन में बिजली विभाग के अफसर-कर्मी ट्रांसमिशन लाइन को दुरुस्त करने में जुट गए।
करीब दो बजे तक बिजली आपूर्ति सामान्य हो पाई। मगर एक बार फिर से शाम छह बजे धूल भरी तेज आंधी चलने से दोबारा बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगाें में रोष है।
एसडीओ अवधेश कुमार ने बताया कि ट्रांसमिशन लाइन फेल होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। ट्रांसमिशन लाइन को दोपहर दो बजे तक दुरस्त कर बिजल आपूर्ति को सामान्य कर दिया गया।
फॉल्ट दुरुस्त मगर सप्लाई नहीं हुई चालू
हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से ठप पड़ी 70 गांवों की बिजली सप्लाई बुधवार को 72 घंटे बाद भी चालू नहीं हो पाई है। हालांकि अफसरों ने फाल्ट दुरुस्त किए जाने का दावा किया है। गौरतलब है कि करौरा गांव के जंगलों में 24 अप्रैल की रात आम का पेड़ गिरने से हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आ गया।
इसके कारण पहासू कस्बा समेत करौरा, साबितगढ़, अटेरना, दीघी, बनैल, कसूमी, लालनेर समेत 70 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई थी। इसे लेकर शिकारपुर विधान सभा क्षेत्र के बसपा प्रभारी समेत अन्य लोगों ने एक्सईएन विद्युत निगम से शिकायत की थी और आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की थी।
बावजूद इसके बुधवार को भी कस्बे में आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। एसडीओ दयाशंकर ने बताया कि फाल्ट का काम ठीक हो गया है जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।