बुलंदशहर। इस बार सावन माह में पांच सोमवार होंगे। पहला सोमवार 22 जुलाई को होगा। सावन माह 29 दिन का होगा। सावन माह की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है तो शिवालयाें में भी तैयारियां शुरू होने लगी हैं। शिवरात्रि की तैयारी में भी भक्त जुट गए हैं।
पंडित नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि सावन का पहला सोमवार 22 जुलाई को है और इसी दिन से सावन मास का आरंभ भी हो रहा है। साथ ही इस बार सावन मास में यह शुभ संयोग बन रहा है कि सावन की शुरुआत सोमवार से और समापन भी सोमवार को हो रहा है। सावन मास का आरंभ 22 जुलाई दिन सोमवार से और समापन 19 अगस्त दिन सोमवार को होगा। इस बार सावन में पांच सावन सोमवार का व्रत किया जाएगा, जो बेहद शुभ माने जाते हैं।
पंडित अंकुर शर्मा के अनुसार शिव पुराण के अनुसार, सावन सोमवार का व्रत करने से भाग्योदय होता है और भक्तों पर शिव कृपा भी बनी रहती है। साथ ही जीवन में सुख समृद्धि और खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए सावन सोमवार का व्रत किया जाता है। सावन में भगवान शिव की पूजा अर्चना करने से ग्रह-नक्षत्रों का शुभ फल प्राप्त होता और सभी दोष दूर होते हैं। क्योंकि भगवान शिव सभी ग्रह-नक्षत्र और सृष्टि के स्वामी हैं, वह देवों के देव महादेव हैं।
सावन माह में सोमवार की तिथियां
22 जुलाई - पहला सोमवार
29 जुलाई -दूसरा सोमवार
5 अगस्त - तीसरा सोमवार
12 अगस्त - चौथा सोमवार
19 अगस्त - पांचवां सोमवार