दिल्ली से सटे जेवर के भवोकरा गांव निवासी अशोक चक्र विजेता कर्नल जसराम सिंह (अवकाश प्राप्त) के बंद मकान का ताला तोड़ बदमाशों ने कीमती समान चोरी कर लिया। डॉग स्कायड और फोरेंसिक टीम मौके की जांच की है। देर शाम तक अवकाश प्राप्त सैन्य अधिकारी की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
कर्नल ने बताया कि घर में रखे समान की पूरी तरह जांच पड़ताल के बाद ही पुलिस को शिकायत दी जाएगी। जेवर के भवोकरा गांव निवासी कर्नल जसराम सिंह (अवकाश प्राप्त) को 1970 में अदम्य साहस का परिचय देने पर अशोक चक्र से नवाजा गया था। सेवानिवृत्ति के बाद जसराम सिंह ने गांव में मकान बना लिया, लेकिन वह अपने बेटों के पास चंडीगढ़ में रहते हैं।
बीच- बीच में वह घर आते-जाते रहते हैं। पुलिस के मुताबिक पूर्व सैन्य अधिकारी एक मार्च को गांव से चंडीगढ़ निवासी बेटे के पास चले गए थे। लेकिन गुरुवार को उन्हें पड़ोसियों ने घर में चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को जसराम सिंह ने बताया कि उनके घर पर ताला तोड़कर कुछ समान और नकदी चोरी की गई।
बाकी समान की पड़ताल के बाद पता चलने पर वो पुलिस को लिखित शिकायत देंगे। पुलिस घटना के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।