गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हुए भले ही 20 दिन हो चुके हो, मगर जनपद में अभी भी छह क्रय केंद्र ऐसे हैं, जिन पर गेहूं खरीद अभी शुरू ही नहीं हुई है। एडीएम वित्त ने ऐसे केंद्र प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस भेज जवाब मांगा है। बता दें कि अब तक विपणन विभाग 5, 244 मीट्रिक टन गेहूं खरीद चुका है।
वहीं, गेहूं खरीदारी को गति देने के लिए विपणन विभाग ने छह और केंद्रों की स्थापना की है। अब क्रय केंद्रों की संख्या 94 हो गई है। शासन ने जिला प्रशासन को 1.53 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया है। लक्ष्य के सापेक्ष 19 दिन मेें मात्र 5,244 एमटी गेहूं खरीदा जा चुका है। खरीद की धीमी रफ्तार से विपणन और जिला प्रशासन के अधिकारी संतुष्ट नहीं है।
जिला विपणन अधिकारी के मुताबिक प्रत्येक केंद्र पर रोजाना 100 से 125 एमटी एमटी गेहूं खरीदा जा रहा है, जबकि कम से कम 250 एमटी गेहूं रोज खरीदा जाना चाहिए। इस संबंध में विपणन अधिकारी ने एडीएम वित्त को खरीद का स्टेटस सौंप दिया है। वहीं, छह क्रय केंद्रों पर अभी भी गेहूं की खरीद शुरू नहीं हो पाई है। एडीएम वित्त ने जिन केंद्रों पर खरीद नहीं हुई है उन केंद्र प्रभारियोें को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिन छह केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू नहीं हुई है, उन केंद्र प्रभारियों को नोटिस भेज दिया गया है। अब तक 5,244 एमटी गेहूं की खरीद की गई है। साथ ही गेहूं खरीद को रफ्तार देने के लिए छह नए केंद्र बनाए गए हैं। - आरके सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व