जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडावली में सोमवार दोपहर को गोआश्रय स्थल पर गए केयरटेकर को सांड़ ने पटककर मार डाला। बचाव में आई केयरटेकर की पुत्रवधू पर भी सांड़ ने हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। ग्रामीणों ने सांड़ को पकड़कर बांध दिया और विभाग को सूचना दी। सूचना पर पशु चिकित्सक व विभाग की टीम जांच के लिए गोआश्रय स्थल पहुंची।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडावली निवासी 65 वर्षीय राधा चरण गांव स्थित गोआश्रय स्थल पर केयरटेकर थे। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह प्रतिदिन की तरह अपनी पुत्रवधू पिंकी के साथ गौआश्रय स्थल पर गोवंशों को चारा डालने के लिए गए थे। जब वह चारा डाल रहे थे, तभी परिसर में मौजूद एक सांड़ ने राधाचरण पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने बचने का काफी प्रयास किया लेकिन सांड़ ने राधाचरण पर हमला जारी रखा और उन्हें कई बार सींगो से उठाकर जमीन पर पटक दिया। राधाचरण की पुत्रवधू पिंकी ने लाठी डंडों से सांड़ को भगाना चाहा, लेकिन सांड़ उनके भी पीछे दौड़ पड़ा। शोर शराबा होने पर कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सांड़ को भगाया। जिसके बाद घायल राधाचरण को परिजन ग्रामीणों की मदद से सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची जहांगीराबाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पशु विभाग को सूचना देकर सांड़ को बांध दिया गया है।
पुत्र जेल में बंद है
मृतक राधाचरण का एक पुत्र वर्तमान में एक मामले में जेल में है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ समय पूर्व राधाचरण के पुत्र व खानदान के ही दूसरे पक्ष के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद राधाचरण के पुत्र पर विभिन्न आरोप लगे थे, जिसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मामले की जानकारी मिल चुकी है। शिकारपुर के पशु चिकित्सक को घटनास्थल पर जांच के लिए भेजा गया है। शासन स्तर से जो भी आर्थिक मदद होगी, वह पीड़ित परिवार को मुहैया कराई जाएगी। बाकी स्थिति जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी। - अनिल कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी