बुलंदशहर। सर्दी बढ़ने के साथ चल रही शीतलहर के कारण बुजुर्ग और बच्चे बेहाल हो रहे हैं। बच्चे सर्दी-जुकाम, खांसी व निमोनिया तो बुजुर्ग जोड़ों में दर्द की समस्या की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों हड्डी रोग, फिजिशियन और बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। सोमवार को 1577 मरीजों ने उपचार कराया।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की ओपीडी में पिछले कई दिनों से 60 से 80 बच्चे और 300 से 400 बुजुर्ग उपचार कराने आ रहे हैं। सोमवार को ओपीडी में 1577 से अधिक मरीज उपचार कराने पहुंचे। पंजीकरण काउंटर से लेकर दवा काउंटर व चिकित्सक कक्ष पर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। फिजिशियन डॉ.चंद्रप्रकाश ने बताया कि शीतलहर में बुजुर्गों में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में इन दिनों संतुलित व पोषक आहार ले। गुनगुना पानी पीएं व गर्म चीजों का सेवन करें। बताया कि इन दिनों बच्चे और बुजुर्ग बीमारी की चपेट में अधिक आ रहे हैं। जिन्हें जांच कराने के बाद बचाव के लिए परामर्श दिया जा रहा है।
सोमवार को ओपीडी में 1577 नए मरीज और चार सौ से अधिक पुराने मरीजों ने प्राथमिक उपचार कराया। इसमें 80 से अधिक बच्चे और 400 के करीब बुजुर्ग मरीज शामिल रहे। सभी को जांच और परामर्श के साथ दवा दी गई। डॉ. राजीव प्रसाद, सीएमएस जिला अस्पताल।