बैंक मैनेजर बनकर खाते से निकाल लिए 1.40 लाख रुपये
बुलंदशहर। शातिर ठग ने बैंक मैनेजर बनकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1.40 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मेसेज आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनपदभर में आए दिन साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। अब नगर के मोहल्ला साठा निवासी देवेंद्र ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि एक सप्ताह पहले उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक मैनेजर बताया और पंजाब नेशनल बैंक में उसका खाता डी-एक्टिव होने की बात कहते हुए उससे खाते के बारे में आवश्यक जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपी ने खाता एक्टिव करने की बात कहते हुए उसके मोबाइल पर आए ओटीपी भी पूछ लिया और उसके खाते से 1.40 लाख रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद मोबाइल पर आए मेसेज से उसे ठगी का पता चल सका। इसके बाद पीड़ित ने संबंधित नंबर पर कई बार कॉल किया , लेकिन वह नंबर स्विच ऑफ हो गया। एसएसपी ने साइबर टीम को जांच के निर्देश दिए हैं।