नगर के यमुनापुरम स्टेडियम में तैयार स्वीमिंग पूल। संवाद
बुलंदशहर। नगर के यमुनापुरम स्पोर्ट्स स्टेडियम में करीब 2.8 करोड़ रुपये खर्च कर एक स्विमिंग पूल का पुनर्निर्माण कराया गया है। इसका काम जून में पूरा हो गया था। हालांकि, अगस्त का आधा महीना बीतने के बाद भी पूल का संचालन शुरू नहीं हो सका है।
पूल में अभी तक लाइफ गार्ड की तैनाती नहीं हो पाई है। इसके अलावा, प्रशिक्षक की भी व्यवस्था नहीं हुई है। इस कारण करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार किया गया यह स्विमिंग पूल खिलाड़ियों के उपयोग में नहीं आ पा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और तैराकी प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से इसका पुनर्निर्माण हुआ था।
निर्माण पूरा होने पर खिलाड़ियों को अच्छी सुविधा मिलने की उम्मीद थी। लेकिन संचालन शुरू न होने से उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। गर्मी का मौसम बीत चुका है और बारिश का मौसम भी समाप्त होने वाला है।
लाइफ गार्ड और प्रशिक्षक की कमी से तैराकी सीखने वाले खिलाड़ियों को परेशानी हो रही है। वे मजबूरन निजी स्विमिंग पूल में जाकर प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है।
क्रीड़ाधिकारी नूर हसन ने बताया कि लाइफ गार्ड की तैनाती प्रक्रिया शुरू की गई थी, पर नियुक्ति नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इसी सीजन में नियुक्ति कर पूल का संचालन शुरू कराया जाएगा और प्रशिक्षक के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।