जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर धरना पर बैठे रालोद पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
- फोटो : BULANDSHAHR
गन्ना भुगतान के लिए रालोद ने डीसीओ कार्यालय घेरा
बुलंदशहर। राष्ट्रीय लोदकल पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को चीनी मिलों पर किसानों के चल रहे बकाया गन्ने का भुगतान कराने के लिए जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन करते हुए डीसीओ को भी साथ में बैठा लिया। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। डीसीओ ने जल्द ही मिलों से बकाया गन्ना भुगतान कराने का आश्वासन दिया है।
रालोद के जिला अध्यक्ष अरुण चौधरी ने कहा कि जनपद के किसानों का चीनी मिलों पर अभी भी 145 करोड़ की राशि बकाया है। समय पर अपनी फसल का किसानों को भुगतान न मिलने पर उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की समस्या को देखते हुए पार्टी ने बकाया गन्ना भुगतान कराने की मांग को लेकर जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर घेराव किया। साथ ही धरना-प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारेबाजी की और डीसीओ को भी धरनास्थल पर बैठा लिया गया। इस दौरान डीएसओ से किसानों का चीनी मिलों से बकाया गन्ना भुगतान करवाने के संबंध में बातचीत की। डीसीओ डीके सैनी ने आश्वासन दिया है कि 30 अगस्त तक सभी चीनी मिलों से किसानों का बकाया गन्ना भुगतान करवा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि डीसीओ के माध्यम से राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन भेजा गया है। प्रदर्शन में पूर्व विधायक दिलनवाज खां, पूर्व जिला अध्यक्ष आसिफ गाजी, सुनील चरौरा, अंजु मुस्कान, अन्नु चौधरी, मांगेराम, पंकज प्रधान, इरफान प्रधान, पीके सिंह, नीतू उर्फ धीरेंद्र, पप्पू नेताजी, ओमवीर सिंह मलिक, गीता निगम, मनोज रानी, राजीव चौधरी और ठाकुर सुनील सिंह आदि पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।