चुनावी सभा में जयंत चौधरी का माला पहनाकर स्वागत करते पदाधिकारी।
- फोटो : ब्यूरो
‘रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने गठबंधन की पहल की थी, लेकिन सपा-कांग्रेस ने उसकी राजनीतिक हत्या करने की ही साजिश रची। अब इन पार्टियों से बदला लेने का समय आ गया है। प्रदेश में किसानों की सरकार बनाने के लिये पूरे जोश के साथ रालोद के प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।’
यह बात रालोद महासचिव जयंत चौधरी ने पार्टी प्रत्याशी गुड्डू पंडित और मुकेश पंडित के समर्थन में आयोजित जनसभा में कही। शुक्रवार को सलेमपुर में आयोजित जनसभा में जयंत चौधरी ने कहा कि अन्य दलों के नेता तनाव में हैं। कोई परिवार की कलह से परेशान है तो कोई टिकट बंटवारे को लेकर तो कोई नोटबंदी के कारण।
सिर्फ रालोद का कार्यकर्ता दिल से चुनाव में लगा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित की लड़ाई केवल रालोद ने लड़ी है। भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि वह मोदी ने जनता से वादे खूब किए, लेकिन धरातल पर कोई नहीं आ सका। नोटबंदी पर उन्होंने कहा कि बैंकों में केवल गरीब लगा, कोई अमीर नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार बनी तो छोटे किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे।
सरकार बनने के 100 दिन के अंदर कृषि आयोग का गठन कर किसान की फसलों का उचित मूल्य दिलाया जाएगा। सभी विभागों में भर्ती और वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना कराई जाएगी। उन्होंने गुड्डू पंडित और मुकेश शर्मा ने जनता से वोट देने की अपील की। संचालन पंकज प्रधान ने किया। जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, कुंवरवीर सिंह, पूर्व विधायक होशियार सिंह आदि रहे।