औरंगाबाद। गांव पालीबेगपुर में बिल वसूलने और बकायेदारों के कनेक्शन काटने गई बिजली विभाग की टीम पर बुधवार को ग्रामीणों ने पथराव कर दौड़ा दिया। जिसके बाद टीम ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। टीम पर पथराव करने के मामले में मैथना बिजलीघर के जेई ने एक आरोपी को नामजद करते थाने में तहरीर दी है।
गांव मैथना बिजलीघर के जेई रिशु शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को बिजली विभाग की टीम गांव पालीबेगपुर में बकायेदारों से बिल की वसूली करने और कनेक्शन काटने के लिए गई थी। इस दौरान टीम को एक ग्रामीण के मकान पर बिजली चोरी की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची और वहां बिजली चोरी की पुष्टि होने पर टीम ने वीडियो बनानी शुरू कर दिया। वीडियो बनाने का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने टीम पर पथराव कर मौके से दौड़ा दिया। ग्रामीणों ने टीम के साथ गाली गलौज भी की। टीम ने मौके से भागकर जान बचाई। उधर, टीम पर पथराव किए जाने के मामले में जेई रिशु शर्मा ने एक आरोपी को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात के खिलाफ थाना औरंगाबाद में तहरीर दी है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में न हीं आया है। यदि ऐसा हुआ है, तो जांच कराकर संबंधित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।