खुर्जा। नगर में 25 अप्रैल की रात तीन लोगों की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी जीतू सैनी के मुठभेड़ में मजिस्ट्रेट जांच शुरू हो गई। मामले में मुठभेड़ में शामिल सभी लोगों के आठ जुलाई तक बयान दर्ज किए जाएंगे।
सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में 25 अप्रैल की रात को जन्मदिन पार्टी के दौरान पूर्व सभासद संजय सैनी के भाई मनीष (32), अमनदीप (35) और भतीजा आकाश सैनी (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक अमनदीप के पिता की तहरीर पर दस लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद विवेचना में एक अन्य आरोपी सोनू का नाम प्रकाश में आया।
30 अप्रैल की सुबह थाना खुर्जा नगर पुलिस टीम व स्वाट टीम ने सिकंदरपुर फ्लाईओवर के निकट 50 हजार रुपये के इनामी मोहल्ला पंजाबियान कस्बा निवासी जीतू सैनी को पकड़ा। इस दौरान पुलिस और जीतू के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें जीतू गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में पहुंचने चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान मोहम्मद असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक घायल हो गए थे।
मामले में एसडीएम खुर्जा प्रतीक्षा पांडेय ने बताया कि उच्चतम न्यायालय व मानवाधिकार आयोग के निर्देशों पर पुलिस महानिदेशक के अनुपालन में उक्त घटना की मजिस्ट्रीयल जांच कराई जा रही है। यदि कोई भी व्यक्ति साक्ष्य या बयान अंकित कराना चाहते हैं तो वह आठ जुलाई तक अपने बयान दर्ज करा सकते हैं।