सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी के बारे में लाइव बतातीं अर्चना पांडा।
बुलंदशहर। नगर पालिका बुलंदशहर से समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रत्याशी अर्चना पांडा पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पूर्व विधायक पति गुड्डू पंडित की पहली पत्नी के पुत्र पर उन्होंने हमले का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर लाइव आकर उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया है। साथ ही कार्रवाई की मांग की है। देर शाम पुलिस ने उनकी तहरीर पर गुड्डू पंडित की पहली पत्नी के पुत्र सार्थक समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर सदर नगर पालिका बुलंदशहर की पूर्व सपा प्रत्याशी अर्चना पांडा बुधवार शाम दो बार लाइव आईं। इस दौरान उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को वह अपने घर में मौजूद थीं। तभी एक युवक उनके घर में दीवार फांदकर घुस आया। जिसमें आरोपी का सहयोग उनके सुरक्षाकर्मियों ने भी किया। वीडियो में वह गाड़ी के अंदर बैठी हुई नजर आ रही हैं। साथ ही बोल रही हैं कि वह एसएसपी आवास के बाहर मौजूद हैं। उन्हें धमकाने के लिए उनके पति पूर्व विधायक गुड्डू पंडित भी आ गए हैं। जो कि वीडियो में नजर आ रहे हैं।
इसके बाद उनकी एक ओर वीडियो फेसबुक पर आती है जिसमें वह समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव व उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव को संबोधित कर रही हैं। वीडियो में अर्चना अपने पति पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर आरोप लगा रही हैं कि गुड्डू पंडित और उनका भाई बाहुबली नेता हैं। उनके साथ भविष्य में कुछ भी हो सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी आवास के बाहर नगर कोतवाली पुलिस पहुंची जो कि उन्हें अपने साथ नगर कोतवाली ले गई। कोतवाली में भी अर्चना ने अपने पति, और पति की पहली पत्नी के पुत्र और देवर पर गंभीर आरोप लगाए। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले में पूर्व विधायक की पहली पत्नी के पुत्र सार्थक समेत अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 191, 115 और 352 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।