स्याना की गलियों में बारिश के दौरान इस तरह भरा पानी। संवाद
बुलंदशहर/औरंगाबाद/स्याना। जिले में बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार की सुबह कहीं झमाझम बारिश हुई तो कहीं पर बूंदाबांदी तक सीमित रही। बारिश के चलते कई जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरा दिन बादल छाए रहे और धूप भी निकाली। वहीं, मौसम वैज्ञानिक लगातार बारिश की संभावना जता रहे हैं।
पिछले कई दिन से जिले में जहां-तहां बारिश जारी है। इसी क्रम में बुधवार की सुबह लोग जागे तो आसमान में बादल मंडरा रहे थे। ऐसा लग रहा था कि अच्छी बारिश होगी। लेकिन यह बारिश जहां-तहां हुई और अधिकतर जगह बूंदबांदी तक सीमित रही। नगर बुलंदशहर के अलावा देहात क्षेत्र में भी बारिश हुई। कस्बा औरंगाबाद में करीब आधा घंटा हुई बारिश के चलते गलियां पानी से लबालब हो गई। जलभराव से सबसे अधिक मैन बाजार, भावसी रोड, शिव मंदिर रोड, मोहल्ला स्याना सिकंदरा समेत कई जगह लोगों खासकर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्याना में जमकर हुई बारिश से जहां कई जगह सड़कें पानी में डूब गईं, वहीं बिजली आपूर्ति भी इस दौरान गुल रही। मुख्य बाजार, राज मार्केट, दर्शन बाजार, कोतवाली रोड समेत कई स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा होने से लोगो को भारी परेशानी हुई।
दुकानों व घरों में पानी भर गया। इससे सामान भी खराब हो गया। तेज बारिश के कारण सड़कों पर भरे पानी के कारण वाहनों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बीच सड़क पर बंद हुए वाहनों को धक्के मार कर निकालना पड़ा। वहीं, बारिश के चलते सुबह के समय लोग अपने काम और गंतव्य पर समय पर नहीं पहुंच सके। जहां अच्छी बारिश हुई वहां के किसानों के चेहरे खिल गए। यहां पर बारिश होने के कारण फसलों को भी संजीवनी मिली है। करीब 10 बजे के बाद आसमान में बादल छाए रहे तो धूप निकलने से पूरा दिन धूप-छांव जैसा मौसम बना रहा। इस दौरान लोगाें को उमस का भी सामना करना पड़ा। ऐसे मौसम के बीच अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 74 फीसदी और हवा की गति पांच से सात किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा. विवेकराज का कहना है कि लगातार बारिश की संभावना बन रही है। मानसून की बारिश कहीं अधिक तो कहीं कम होती रहती है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।