पहासू पुलिस की गिरफ्त में शराब तस्कर - स्रोत : पुलिस
बुलंदशहर। देहात कोतवाली पुलिस ने बुधवार देर शाम भाटगढ़ी गांव के पीछे चेकिंग के दौरान करीब 56 पेटी बीयर, अंग्रेजी और देशी शराब की पेटियां बरामद की हैं। साथ ही एक आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है। जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार देर शाम देहात कोतवाली पुलिस की एक टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि भाटगढी गांव क पीछे कच्ची नहर की पटरी पर एक आरोपी अवैध रूप से तस्करी कर लाई गई शराब के साथ मौजूद है। जिसकी वह जल्द ही सप्लाई करने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर एक आरोपी को शराब की पेटियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से 20 पेटी अग्रेजी, 22 पेटी बीयर व 14 पेटी देशी शराब बरामद की है। बाजार में बरामद शराब की कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये आंकी जा रही है। पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त कुलदीप निवासी गांव काहिरा थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। पूछताछ पर बताया कि वह लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत हरियाणा से शराब सस्ते दामों में मंगाकर जनपद बुलन्दशहर व आस-पास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों में बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त करने की फिराक में था। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया है।
नगर पुलिस ने पकड़ी 95 लीटर कच्ची शराब, एक गिरफ्तार
नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के चलते अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 17 अप्रैल की रात को नगर पुलिस ने एक सूचना पर काली नदी के किनारे पटरी पर दबिश दी। पुलिस टीम ने मौके पर भट्टी लगाकर अवैध रूप से कच्ची शराब बनाते हुए आरोपी शाहिद निवासी चारयार झुग्गी झोपड़ी कोतवाली नगर को दबोच लिया। पुलिस टीम ने मौके से 95 लीटर कच्ची शराब, 1000 लीटर लहन व शराब बनाने के उपकरण जिनमें पतीले, भगोना, प्लेट, पाइप, ड्रम आदि सामान बरामद किया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है।