जिला प्रदर्शनी में दुकानें हटाने को लेकर बुधवार को हंगामा खड़ा हो गया। दुकानदारों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। पुलिस और ब्लॉक प्रमुख ने दुकानदारों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया।
जिला प्रदर्शनी में पुलिस थाने का स्थान आरक्षित है। थाने के आसपास पुलिस अफसरों की गाड़ियां खड़ी होती हैं। जिस स्थान पर वाहन पार्क किए जाते हैं, उसी स्थान पर इस बार दुकानें सजा दी गई हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट ने तीन दिन पहले व्यापारियों को दुकानें हटाने की चेतावनी दी थी। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे तो दुकानें लगी हुई थी। सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानें हटाने का आदेश दिया। इसका दुकानदारों ने विरोध किया।
दुकानदार हंगामा करने लगे। विरोध बढ़ता देख सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानों को तुड़वाने के लिए जेसीबी मंगवा ली। बाद में नुमाइश ठेके से जुड़े लोग जमा होने लगे। सूचना पर ब्लॉक प्रमुख यूनुस गाजी मौके पर पहुंचे। थाना क्षेत्र के आसपास ब्लॉक प्रमुख ने चार पांच दुकानें हटाने पर सहमति बनवा दी। इससे विवाद निपट गया।