शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को नाला निर्माण के काम ने अव्यवस्थित कर दिया है। सबसे ज्यादा परेशानी कालाआम चौराहे के आसपास हो रही है। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
नगर के कालाआम चौराहा, कचहरी रोड, भूड़ रोड, लल्ला बाबू से टीचर्स कॉलोनी रोड, डीएवी तिराहे से लल्ला बाबू की तरफ जाने वाले मार्गों पर नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इन मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
वहीं, ट्रैफिक पुलिस यातायात सुचारु रखने के लिए पूरे दिन मशक्कत कर रही है। यातायात प्रभारी कुलवीर राणा का कहना है कि नाला निर्माण के कारण ट्रैफिक सुचारु रखने में दिक्कत आ रही है। अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। वहीं, ईओ एके सिंह का कहना है कि नाला निर्माण का काम तेजी से कराया जा रहा है।
पुलिस लगी, वाहन चालक परेशानः भूड़ चौराहा और कालाआम चौराहा समेत शहर में जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस तैनात किए गए हैं। नाला निर्माण के दौरान आधी रोड तक फैला मलबा और खड़ी मशीनों से रास्ता रोक रखा है। ऐसे मेें ट्रैफिक से संभालने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं।