कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा शिविर में शिव भक्तों की सुरक्षा की जिम्मेदारी शिविर संचालकों की होगी। शिव भक्तों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस शिविर संचालकों से इस बाबत शपथ पत्र मांग रही है। शिवरात्रि पर शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों के जत्थे हरिद्वार रवाने होने लगे है।
शिव भक्तों की सेवा के लिए नगर में गुलावठी, दनकौर रोड पर क्षेत्रवासियों द्वारा सेवा शिविर लगाए जाते है। सीओ धमेंद्र कुमार ने बताया कि सेवा शिविरों में शिव भक्तों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए शिविर संचालकों से शिविर में अग्नि शमन यंत्र की व्यवस्था, महिला कांवड़ियों के लिए शौचालय, लेटने बैठने की अलग से व्यवस्था, शिविर के आस-पास हाईटेंशन लाइन, ट्रांसफार्मर आदि नहीं होने के बारे में शपथ पत्र मांगा गया है।
सीओ ने बताया कि शपथ पत्र दाखिल करने के बाद ही सेवा सिविर की अनुमति दी जाएगी। नहीं हटवाए कांवड़ मार्ग से अतिक्रमण ः एसडीएम के आदेश के बाद भी पालिका ने कांवड़ मार्ग से अतिक्रमण नहीं हटवाए। सिकंदराबाद में गुलावठी, दनकौर रोड से होकर शिव भक्त गुजरते है।
एसडीएम अरुण कुमार यादव ने कांवड़ यात्रा को सरल, सुगम बनाने के लिए 20 जुलाई को पालिका अधिकारियों से कांवड़ मार्ग पर अतिक्रमण हटवाने के आदेश दिए थे। एसडीएम के आदेश को तीन दिन बीत जाने के बाद भी पालिका ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। ईओ एके सिंह का कहना है कि कांवड़ मार्ग का सर्वे कराया जा रहा है। रविवार से अतिक्रमण हटवाया जाएगा।