बुलंदशहर। नगर निवासी कपड़ा थोक व्यापारी के नौकर ने ही उनसे 2.75 लाख रुपये की ठगी कर ली। मार्च में ठगी का खुलासा हुआ। इसके खिलाफ पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत की थी। लेकिन, तब दोनों पक्षों में फैसला हो गया था। आरोपी ने पीड़ित को ठगी गई रकम से करीब 1.30 लाख रुपये देना तय किया था। लेकिन, आरोपी ने रुपये देने से इन्कार कर दिया और झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की है।
नगर कोतवाली में पीड़ित व्यापारी ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है, इसमें उन्होंने बताया कि उनका कपड़ों का होलसेल का काम है। उनकी दुकान पर नयागांव धमैड़ा अड्डा निवासी सोनू करीब एक साल से काम कर रहा है। आरोपी ही उनके दुकान के सामान की रकम मंडी और अन्य दुकानदारों से लाता था। आरोप है कि सोनू उनके माल के फर्जी बिल काटकर बिना रसीद के पेमेंट लाकर अपने पास रख रहा था। इस तरह आरोपी ने करीब 2.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
नगर कोतवाली में दोनों पक्षों में बातचीत हुई, जिसमें आरोपी पक्ष ने 1.30 लाख रुपये उनको 25 दिन के अंदर देना तय किया था। इसका समझौता पत्र भी कोतवाली में दिया गया था। पीड़ित के अनुसार आरोपी पक्ष ने उनके खिलाफ झूठा शिकायती पत्र देकर मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।