नरसेना। थाना क्षेत्र के गांव बरवाला और चंदियाना के जंगलों में घूम रहे गुलदार का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। गुलदार ने बीते दिनों गांव बरवाला में किसान पर हमला किया और चंदियाना में एक जर्मन शेफर्ड कुत्ते पर हमला कर अपने साथ ले गया। वन विभाग की टीम लगातार ड्रोन से गुलदार की तलाश कर रही है लेकिन, अब तक गुलदार का सुराग नहीं लग सका है। जंगल में लोहे का जाल लगाकर उसे फंसाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
क्षेत्र के गांव बरवाला में गत बृहस्पतिवार दोपहर को बाग की रखवाली करते समय गुलदार ने किसान जोरा सिंह पर हमला कर घायल कर दिया था। जिसके बाद बृहस्पतिवार देर शाम को पास के गांव चंदियाना के बाग में घूम रहे पालतू जर्मन शेफर्ड को भी गुलदार उठाकर ले गया। अंतिम बार गुलदार को बृहस्पतिवार देर शाम को एक तालाब के किनारे झाड़ी में छिपा देखा था। गुलदार के हमले से ग्रामीणों ने में डर का माहौल है। क्षेत्र में गुलदार के हमलों के बाद वन विभाग गुलदार की तलाश में जुटा है। विभाग ने दोनों गांव में दो लोहे के पिंजरा लगा दिए हैं। शुक्रवार रात पिंजरों में कुत्ते को रख कर गुलदार को फंसाने का प्रयास किया गया लेकिन, गुलदार नहीं आया। शनिवार को विभागीय अधिकारी एक अन्य जानवर को पिंजरे में रखकर गुलदार को फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा लगातार क्षेत्र में ड्रोन से गुलदार की तलाश की जा रही है। शनिवार को भी विभिन्न स्थानों पर गुलदार की तलाश की गई, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा है।
डीएफओ विनीता सिंह ने कहा कि ड्रोन से दूसरे दिन भी गुलदार की तलाश कराई गई है। दो लोहे के पिंजरे गांवों के जंगलों में लगाए गए हैं लेकिन, अब गुलदार क्षेत्र में नजर नहीं आया है।