रालोद ने जिले में बची अपनी दो सीटों खुर्जा और डिबाई पर भी प्रत्याशी तय कर दिए है। दो दिन पूर्व बसपा से रालोद में शामिल हुए मनोज गौतम को खुर्जा से और डिबाई से सत्यवीर यादव को टिकट दिया गया है।
हालांकि दिनभरं डिबाई सीट से किसी अन्य नाम पर चर्चा चल रही थी। शाम को दिल्ली से प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर टिकट फाइनल कर दिए। वहीं रविवार को रालोद के कैंप कार्यालय में शनिवार को घोषित पांचों प्रत्याशियों को सिंबल बांट दिए गए।
गठबंधन में सपा और सिकंदराबाद से बात न बनने के बाद राष्ट्रीय लोक दल ने जिले के सभी प्रत्याशी फाइनल कर दिए। शनिवार को पांच प्रत्याशी बुलंदशहर से गुड्डू पंडित, सिकंदराबाद से आशा यादव, अनूपशहर से होशियार सिंह, शिकारपुर से मुकेश शर्मा और स्याना से ठाकुर सुनील सिंह को टिकट दिया गया।
इसके बाद रविवार को रालोद की नई लिस्ट में खुर्जा से मनोज गौतम और डिबाई से सत्यवीर यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। मनोज गौतम पूर्व में बसपा से खुर्जा के प्रत्याशी रहे हैं। जबकि सत्यवीर यादव पूर्व में सपा में थे और पूर्व में जिला पंचायत सदस्य भी रहे हैं।
वह रामघाट थाना क्षेत्र के गांव जरगवां के रहने वाले हैं। सत्यवीर यादव के भाई अनूपशहर शुगर मिल के वाइस चेयरमैन हैं।