करंट लगने से महिला की मौत, विरोध में हंगामा
खानपुर। भदौरा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर महिला के पिता समेत दर्जनों मायके पक्ष के लोग भी ससुराल पहुंच गए। मायके पक्ष ने पति पर महिला की हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
थाना क्षेत्र के गांव भदौरा निवासी आकाश पुत्र तिलक का विवाह तीन वर्ष पूर्व अच्छेजा निवासी राजकुमार सक्सेना की पुत्री नेहा से हुआ था। बताया गया कि मंगलवार सुबह कपड़ों पर प्रेस करते समय नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पाकर महिला के पिता राजकुमार समेत दर्जनों परिजन भी मौके पर आ गए। इस दौरान उन्होंने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी स्याना अलका सिंह व थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंच गए और हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। महिला पक्ष के लोगों ने बेटी को परेशान करने व जानबूझकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने की बात कहकर पुलिस ने मामले को शांत कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।