बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से उसके परिचितों ने पहले तो 2.70 लाख रुपये उधार लेकर हड़प लिए। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के पुत्र की एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में नौकरी लगवाने के नाम पर 6.68 लाख रुपये हड़प लिए। नौकरी न लगने पर पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। साथ ही भविष्य में रुपये वापस मांगने पर हत्या की धमकी दी। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस लाइन रोड निवासी पीड़ित नरेंद्र सिंह ने नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र सुमित कुमार की मेरठ के रेलवे रोड निवासी अनिरुद्ध कुमार से अच्छी जान-पहचान थी। आरोप है कि 4 अप्रैल 2021 को उनके पुत्र के पास आरोपी आया और अपनी मजबूरी बताते हुए 2.70 लाख रुपये उधार मांगते हुए कुछ वक्त में लौटाने का आश्वासन दिया। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए सुमित कुमार ने उसके बैंक खाते में अलग-अलग तिथि में रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके समेत कुछ रुपये नगद भी दिए गए।
31 दिसंबर 2021 को आरोपी अनिरुद्ध कुमार अपने एक अन्य साथी बीएस कटारिया के साथ बुलंदशहर आया और उनके पुत्र सुमित कुमार की एक एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसकी एवज में सात लाख रुपये मांगे गए। जिस पर उनके पुत्र सुमित कुमार ने आरोपियों की बातों पर विश्वास कर अलग-अलग तारीखों में कुल 6.68 लाख रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। नौकरी न लगने पर आरोपियों पर रुपये वापस करने का दबाव बनाया गया, जिस पर आरोपियों ने जल्द ही रुपये वापस करने का आश्वासन दिया।
जनवरी 2024 तक रुपये वापस न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई तो आरोपियों ने पीड़ित को चेक दे दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बारे में बताने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी। नगर पुलिस ने दोनों आरोपी अनिरुद्ध कुमार और बीएस कटारिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी ऋजुल ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।