औरंगाबाद/खानपुर। औरंगाबाद में रविवार देर शाम हुई एक पंचायत से जवासा ग्राम प्रधान राहुल गौतम के अपहरण का मामला सामने आया है। प्रधान के परिजनों ने दिल्ली पुलिस के दरोगा पर अपहरण का आरोप लगाया है। वहीं, दरोगा ने बीस दिन पहले अपनी दो बहनों के अगवा करने का आरोप ग्राम प्रधान पर लगाया था। मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी है। सोमवार दोपहर दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद पथराव भी हुआ।
औरंगाबाद के जहांगीराबाद मार्ग पर रविवार शाम दो भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा चल रहा था। पंचायत में ग्राम प्रधान राहुल गौतम को बुलाया गया था। बताया गया कि जैसे ही पंचायत में निपटारा हुआ, ग्राम प्रधान के ही गांव निवासी दिल्ली पुलिस का दरोगा वहां पहुंच गया। आरोप है कि दरोगा और उसके परिजन ग्राम प्रधान को कार में डालकर चले गए। पंचायत से गांव लौटे ग्रामीणों ने जब इसकी जानकारी प्रधान के परिजनों को दी तो वह खानपुर थाने पहुंच गए। मामला औरंगाबाद थाना क्षेत्र का होने के कारण उन्हें वहां से भेज दिया गया।
मामले को लेकर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्षों के बीच गांव में गाली गलौज हो गई। इसके बाद पथराव भी हुआ। विवाद की सूचना पर खानपुर थाने की पुलिस ने गांव पहुंचकर लोगों को शांत किया। लापता ग्राम प्रधान की पत्नी ने दिल्ली पुलिस के दरोगा समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ औरंगाबाद थाने में तहरीर दी है। सोमवार शाम चार बजे तक औरंगाबाद थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज न होने पर परिजन भड़क उठे। उन्होंने थाने पर हंगामा करना शुरू कर दिया। थाना प्रभारी ने किसी तरह से समझाकर शांत किया।
बीस दिन पहले गायब हुईं दो बहनें, प्रधान पर आरोप
दिल्ली पुलिस में तैनात दरोगा की दो अविवाहित बहनें करीब बीस दिन पहले गायब हो गई थीं। युवती के परिजनों का कहना है कि ग्राम प्रधान पर दोनों को अगवा करने का आरोप लगाते हुए खानपुर थाने में नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की ओर न ही उन्हें बरामद करने की कोशिश की। वहीं, खानपुर थाना प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा का कहना है कि दो बहनों को अगवा करने का मामला संज्ञान में नहीं है। परिजनों ने सोमवार तक थाने में आकर कोई तहरीर नही दी है।
युवती के परिजनों ने की थी ग्राम प्रधान की पिटाई
ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक माह पहले ग्राम प्रधान को पड़ोस की युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में परिजनों ने पकड़ लिया था। तब युवती के परिजनों ने ग्राम प्रधान की पिटाई की थी। मेरठ से बीस दिन पहले इलाज कराकर गांव पहुंचे प्रधान पर उसी युवती और उसकी बहन के अपहरण का आरोप है। ग्राम प्रधान के अपहरण पर अब दो थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी हुई है। घटना को 24 घंटे हो गए हैं लेकिन किसी भी थाने में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
मामला संज्ञान में आया है। लापता प्रधान पर दूसरे पक्ष ने दो युवतियों के अपहरण का आरोप लगाया था। अब प्रधान के परिजनों ने अपहरण की तहरीर दी है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे प्रकरण का पटाक्षेप कर दिया जाएगा। - श्लोक कुमार, एसएसपी