महाशिवरात्रि सोमवार को है। शिवलिंग पर भक्त जलाभिषेक करेंगे। हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले भक्त देर रात तक अपने गंतव्य तक पहुंच गए। मंदिर जगमग हो गए और जगह-जगह मेले लगेंगे, जिससे रौनक बढ़ गई।
समाजसेवियों ने भंडारे लगाकर शिवभक्तों की खूब सेवा की। पुलिस ने भीड़ वाले इलाकों में फोर्स तैनात कर शिवभक्तों की राह आसान की। सोमवार को भी मंदिरों के आसपास फोर्स को एलर्ट कर दिया गया है।
पिछले एक सप्ताह से जनपद में बम-बम भोले के जयकारों की गूंज रही। जो आज भी जारी रहेगी। शिव भक्त हरिद्वार के लिए बड़ी संख्या में कांवड़ लेने पहुंचे और पैदल ही अपने गंतव्य पहुंचे। कांवड़ लाने वालों में महिला-पुरुषों के अलावा बच्चे भी शामिल रहे।
चारों ओर माहौल शिवमय रहा और बम-बम भोले और बोल बम की जयकारों की गूंज रही। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों को पहले ही सजा लिया गया था और मेले की तैयारी भी शुरू हो गई थी। मंदिरों में जलाभिषेक के लिए व्यवस्था कर ली गई है और मेलों में दुकान सज चुकी हैं।
मंगलवार अलसुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए जनसैलाब उमड़ेगा और भक्त शिव की पूजा-अर्चना कर मन्नत मांगेंगे। उधर पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि उन मंदिरों पर पुख्ता सुरक्षा के निर्देश दिए हैं, जहां विगत वर्षों झगड़े आदि हुए हैं।
यातायात को सुचारु बनाने के लिए कुछ रूट भी डायवर्ट किए हैं। उधर आहार स्थित अबंतिका मंदिर पर मेला लग गया है। सिद्धबाबा मंदिर पर भी जलाभिषेक होगा। वहीं, खुर्जा में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए नगर के शिवालयों में तैयारी पूरी हो गई है।
रविवार रात बारह बजे से मंदिरों में जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। कांवड़िय जल लेकर लौटे तो पॉटरी बम भोले के जयकारों से गूंज उठी। जगह-जगह लगे शिविरों में कांवड़िए मिष्ठान, पकवान का मजा उठाते और अराम करते दिखाई दिए।