संवाद न्यूज एजेंसी
शिकारपुर। कस्बे में 2.52 करोड़ से अधिक की लागत से आठ सड़कों का निर्माण और इंटरलाकिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका की ओर से प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। धनराशि के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष राजबाला सैनी ने बताया कि नगर पालिका की ओर से कस्बे में समय-समय पर विकास कार्य होते रहते हैं। इसी क्रम में अब आठ सड़कों का निर्माण, इंटरलाकिंग और डिवाइडर की जरूरत है। इस कार्य को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना से कराया जाएगा। इसके लिए पालिका ने मार्ग और चौराहों को चिन्हित कर लिया है। साथ ही इन पर खर्च होने वाली अलग-अलग राशि भी निर्धारित कर प्रस्ताव तैयार कर लिया है। यह प्रस्ताव 2 करोड़ 52 लाख 18 हजार चार सौ रुपये का है। इस प्रस्ताव पर जल्द ही शासन से मुहर लगने की संभावना है। शासन से धनराशि मिलते ही यह सभी कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। इसका लाभ कस्बावासियों को होगा।
ये होने हैं काम
पालिकाधिकारियाें के अनुसार मोहल्ला चौक में अग्रसेन चौक से सुभाष सैनी के मकान तक सड़क निर्माण व उच्चीकरण का काम, इसी मोहल्ले में उदय सिंह के मान से डा. विनोद शर्मा के खेत तक सड़क निर्माण व उच्चीकरण का काम, वार्ड तीन में पुराना कोल्ड स्टोर से रावत पब्लिक स्कूल में तारकोल रोड व दोनों साइड इंटरलाकिंग, इसी वार्ड में रावत स्कूल से यशपाल के कमान तक तारकोल रोड व दोनों साइड इंटरलाकिंग का काम, नागा कुटी से मेरठ बदायूं मार्ग व शहीद चौक तक सड़क का चौड़ीकरण और निर्माण का कार्य, इसी क्षेत्र में दूसरी सड़क का चौड़ीकरण और निर्माण का कार्य, नागा कुटी से मेरठ-बदायूं मार्ग व शहीद चौक तक डिवाइडर बनाने और इसी मार्ग के दोनों और इंटरलाकिंग का काम किया जाएगा।