बुलंदशहर। जिले के 17 नगर निकाय क्षेत्रों में जल्द ही सड़क और नालों को बनाया जाएगा। सड़क बनने से लोगों को गड्ढों से निजात मिलेगी। साथ ही जलभराव से भी मुक्ति मिलेगी। इस कार्य के लिए शासन ने 15वें वित्त आयोग से 16.39 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इस राशि से होने वाले विकास कार्य के लिए डीएम की स्वीकृति मिल गई है। नगर पालिका बुलंदशहर को सबसे अधिक चार करोड़ से ज्यादा राशि मिली है।
नगर पालिका बुलंदशहर में इस समय कालाआम से काली नदी रोड, नगर के बाजारों, मोहल्ला साठा और शनिदेव मंदिर समेत अन्य सड़कों में गड्ढे बने हुए हैं। कुछ स्थान ऐसे भी हैं, जहां पर सड़क नहीं है। कई स्थान ऐसे हैं, जहां पर जलभराव की समस्या रहती है। यहां पर नाले न होने के कारण पानी नहीं निकल पाता है। यह समस्या बारिश के दिनों में अधिक होती है। ऐसे में सभी निकाय क्षेत्रों में सड़क और नाले बनाने के लिए शासन की ओर से 15वें वित्त आयोग से 16,39,93,348 राशि जारी की गई है। एडीएम प्रशासन डाॅ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी निकायों में टेंडर प्रक्रिया चल रही हैं। जल्द ही सभी निकायों में सड़क व नालों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
-
नगर निकाय का नाम - मिली राशि
अनूपशहर - 68,61,002 रुपये
डिबाई- 86,11373 रुपये
गुलावठी - 1,09,12,296 रुपये
जहांगीराबाद - 1,45,26,947 रुपये
शिकारपुर - 92,03,690 रुपये
सिकंदराबाद - 2,15,51,215 रुपये
स्याना - 93,17,597 रुपये
बुलंदशहर -4,80,72,575 रुपये
खुर्जा - 3,58,61,738 रुपये
औरंगाबाद - 59,70,855 रुपये
बीबीनगर - 23,48,090 रुपये
बुगरासी -34,88,590 रुपये
छतारी - 27,05,893 रुपये
ककोड़ - 19,90,285 रुपये
खानपुर - 40,47,658 रुपये
नरौरा - 50,53,982 रुपये
पहासू - 43,38,374 रुपये